रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग ने सहायक वन संरक्षक के कुल 78 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस मुख्य परीक्षा में कुल 368 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है। अब ये सफल उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण यानी फिज़िकल टेस्ट में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों के लिए फिज़िकल टेस्ट का आयोजन 28 और 29 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू और मेडिकल टेस्ट के दौर से गुजरना होगा। इन सभी चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत आयोग द्वारा अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
अप्रैल में आयोजित हुई थी मुख्य परीक्षा
इस भर्ती प्रक्रिया की मुख्य परीक्षा 4 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थी, जिसमें प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहे 1,110 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इससे पहले 13 जुलाई 2025 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 34 केंद्रों पर करीब 16 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने 25 जुलाई 2025 को मॉडल उत्तर जारी किया, जिसके बाद विभिन्न तिथियों 26 अगस्त, 13 अक्टूबर, 12 नवंबर और 25 नवंबर 2025 को संशोधित उत्तर कुंजियां जारी की गईं और 9 दिसंबर 2025 को PT का रिजल्ट आया था।
श्रेणीवार पदों का विवरण
सहायक वन संरक्षक के कुल 78 पदों का श्रेणीवार विभाजन किया गया है। इसमें अनारक्षित (General) वर्ग के लिए 32 पद, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 20 पद, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 8 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 7 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (BC-I) के लिए 6 पद और पिछड़ा वर्ग (BC-II) के लिए 5 पद आरक्षित हैं।