रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आज झारखंड पात्रता परीक्षा ली गई। इस परीक्षा में प्रश्नपत्र को लेकर रांची के जिला स्कूल और बोकारो के सरदार पटेल पब्लिक स्कूल, सेक्टर 9 में अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। इस हंगामे को देखते हुए आयोग ने दोनों सेंटर की परीक्षा रद्द कर दी है। इसे लेकर सूचना भी जानकारी कर दी गई है। जारी सूचना में बताया गया है कि दोनों ही सेंटर पर प्रश्नपत्र की अनुपलब्धता और पठनीय नहीं होने की वजह से यह निर्णय लिया गया। बोकारो के सेक्टर 9 पटेल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सेट के 32 प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र तक पहुंचे ही नहीं। जैसे ही यह बात अभ्यर्थियों को पता चली, वे आक्रोशित हो गए और जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
परीक्षा में गड़बड़ी के बाद हंगामा
दोपहर करीब 12:30 बजे उन्हें बताया गया कि संबंधित विषय का प्रश्न पत्र गलती से धनबाद भेज दिया गया है। इस सूचना के बाद अभियार्थियों में भारी आक्रोश फैल गय। उन्होंने केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिती की गंभीरता देखते हुए आयोग ने तत्काल हस्तक्षेप किया और बोकारो सेंटर के शिक्षा विषय ( कोड 009 ) और रांची के सेंटर में होंने वाले उड़िया विषय ( कोड- 023 ) की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। आयोग ने बताया कि दोनों जगहों पर आयोजित यह परीक्षा अब दोबारा कराई जाएगी। नई तिथि, समय और केंद्र से संबंधित जानकारी जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। इस अव्यवस्था से उन छात्रों को सबसे अधिक परेशानी हुई, जो झारखंड के बाहर के राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे थे। लेकिन कई अभ्यर्थियों ने बताया कि 18 साल बाद हो रही इस परीक्षा के लिए उन्होंने तत्काल टिकट लेकर यात्रा की थी। सैकड़ों की संख्या में मौजूद अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके साथ जिले के लगभग सभी थानों की पुलिस, सिटी डीएसपी और यातायात डीएसपी भी मौजूद थे।
अंतिम समय में परीक्षा रद्द होने की जानकारी मिलने से अभ्यर्थियों को काफी आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अफवाहों से दूर रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। हालांकि, इस घटना ने परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोग (JPSC) द्वारा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 के दौरान प्रश्न पत्रों की कमी और उनके स्पष्ट न होने के कारण परीक्षा को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इन दोनों विषयों की परीक्षा के लिए नई तिथि की घोषणा आयोग द्वारा जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से की जाएगी।