logo

झारखंड में 35,000 सरकारी पदों पर जारी है नियुक्ति प्रक्रिया, JSSC ने सीएम चंपाई को बताया

a589.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

जेएसएससी अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने  मुख्यमंत्री को आयोग द्वारा ली जाने वाली सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं की चल रही प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से लगभग 35 हज़ार पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है।  इसमें स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा के 1868 पद, झारखंड डिप्लोमा स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 153 पद,  झारखंड नगर पालिका सेवा संवर्ग संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 921 पद, झारखंड औद्योगिक प्रशिक्षण सेवा के विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण अधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा के 904 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है।

इन सरकारी पदों पर भी जारी है नियुक्ति प्रक्रिया
झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा इंटरमीडिएट स्तर के 11 हज़ार पद, झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा स्नातक स्तर के 15001 पद, महिला  पर्यवेक्षिका प्रतियोगिता परीक्षा के 488 पद, झारखंड सामान्य स्नातक योग्यता धारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 2025 पद और  झारखंड पारा मेडिकल संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के 2532 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। 

सीएम ने समय पर नियुक्ति पूरा करने का दिया निर्देश
मुख्यमंत्री ने इन सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं की चयन प्रक्रिया सितंबर महीने तक पूरी कर लेने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेएसएससी द्वारा जो भी प्रतियोगिता परीक्षाओं का आयोजन हो, उसमें पूरी गोपनीयता और पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। इसमें किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर पेपर लीक जैसी घटनाएं होती है तो जो भी दोषी पाए जाएंगे दोषी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बैठक में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी)   द्वारा आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोग जो भी कैलेंडर जारी करें उसी के प्रतियोगिता परीक्षाओं का आयोजन करें। 

Tags - Jharkhand Sarkari NaukriJharkhand Sarkari Naukri Latest NewsJharkhand NewsSarkari NaukriJSSC