logo

Dumka : अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा हाइवा, खलासी की दर्दनाक मौत

shikaripara.jpg

दुमका: 

दुमका जिला के शिकारीपाड़ा थानाक्षेत्र अंतर्गत मंझलाडीह गांव में भीषण हादसा हुआ। यहां मौजूद पत्थर खदान में हाइवा दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में हाइवा के सह-चालक की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक बोल्डर लदा हाइवा संतुलन बिगड़ने की वजह से खदान में बने तकरीबन 150 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में पानी जमा था जिसमें डूब कर सहचालक की मौत हो गई। घटना के तकरीबन 30 घंटे बाद सह-चालक का शव बरामद किया जा सका। 

लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाला शव
मृतक की पहचान हासापत्थर गांव निवासी 22 वर्षीय अलताब अंसारी के रूप में की गई है। चश्मदीदों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों को भीड़ वहां जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से राहत और बचाव का काम शुरू किया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। हाइवा को निकालने के लिए पोकलेन मशीनें लगाई गईं। 30 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद हाइवा को खदान में जमा पानी से निकाला जा सका। 

स्थानीय लोगों ने की अवैध खनन की शिकायत
लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से हाइवा और सह-चालक के शव को पानी से निकाला। पुलिस ने शव को निकालने के बाद पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां व्यापक पैमाने पर अवैध खनन किया जा रहा है। कई बार प्रशासन से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।