रांचीः
रांची के खेल गांव में खेलो इंडिया विमेंस वुशु लीग का समापन हो गया है। जिसमें मध्यप्रदेश की टीम ने 13 स्वर्ण,6 रजत और 4 कांस्य के साथ पहला स्थान हासिल किया। राजस्थान की टीम दूसरे और उत्तरप्रदेश तीसरे स्थान पर रही। वहीं झारखंड चौथे स्थान पर रहा। झारखंड के लिए एक बात यह अच्छी रही कि पलामू की सात बेटियों ने इसमें अपना जलवा दिखाया। खेलो इंडिया विमेंस वुशु लीग में 27 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
पलामू की बच्चियों ने दिखाय दमखम
पलामू जिले की साक्षी वर्मा ने जूनियर कैटेगरी में छत्तीसगढ़ की गीतांजलि को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। उसके बाद साक्षी को राजस्थान की नाजिया खान ने 3 प्वाइंट से हरा दिया। काजल कुमारी ने भी 52 केजी वेट कैटेगरी से खेलते हुए गुजरात की ट्विंकल राठौड़ को पीछे छोड़कर सेमीफाइनल में जगह बना। लेकिन सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की दीपशिखा सिंह से सात प्वाइंट से हार गई। आयुषी शौर्य सब जूनियर 36 केजी वेट, अनसीखा प्रिया और रिद्धि रानी 38 केजी वेट कैटेगरी में सेमीफाइनल राउंड तक अपनी जगह बनाई। वहीं आर्या सिंह और सुप्रिया पांडेय का भी अच्छा प्रदर्शन रहा। पलामू वुशु कोच सुमित वर्मन ने कहा कि इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। इससे आगे आने वाले दिनों में फायदा होगा.
अच्छे भविष्य की कामना
प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी भोलानाथ सिंह सहित नरेन्द्र उज्ज्वल ( एडिशनल डायरेक्टर, साई इंचार्ज), सुमित शर्मा सहित अन्य ने खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान किया। इसके पूर्व झारखंड वुशु के पदाधिकारियों चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, मनोज़ महतो, मिथलेश साहू ,शैलेंद्र दुबे, शिवेंद्र दुबे ने आगत अतिथियों का स्वागत किया. इस अवसर पर भोलानाथ सिंह ने खिलाड़ियों के बेहतर भविष्य की कामना की। मौके पर झारखंड वुशु एसोसिएशन के शालेन्द्र पाठक ने कहा कि पलामू झारखंड की बेहतर टीम में से एक है। पर थोड़ी और मेहनत की जरूरत है ताकि खेलो इंडिया जैसे बड़े चैम्पियनशिप में झारखंड के लिए पदक ला सके।