logo

खूंटी में लाइनमैन पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन विवाद में हमले की आशंका; हालत गंभीर

कोीीो1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम अपराधियों ने बिजली विभाग के एक लाइनमैन को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना कर्रा के पदमपुर गांव में हुई, जिसके बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग में कार्यरत लाइनमैन हेरमन हेरेंज सोमवार शाम करीब सात बजे गांव में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली हेरमन की रीढ़ में जा फंसी। गंभीर रूप से घायल लाइनमैन को इलाज के लिए नगड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस जुटी जांच और पहचान में

घटना की जानकारी मिलते ही कर्रा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

जमीन विवाद के एंगल पर जांच तेज

खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। कुछ दिन पहले विवादित जमीन को लेकर गांव में ग्राम सभा भी आयोजित की गई थी, जिसमें हेरमन हेरेंज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई थी। पुलिस अब ग्राम सभा में शामिल लोगों और विवाद से जुड़े पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी तेज कर दी गई है।

Tags - Khunti Jharkhand Crime Firing Police