logo

खूंटी में उबाल, अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान, प्रशासन अलर्ट

exide.jpg

द फॉलोअप डेस्क
खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। शनिवार को पथराव की घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया, जिसके बीच रविवार को सर्व सनातन समाज की बैठक में खूंटी जिला अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान किया गया। बंद की शुरुआत दोपहर से ही कर दी गई। बैठक से पहले समाज के लोगों ने शहर में घूम-घूमकर दुकानों को बंद कराया। इसके बाद सैकड़ों की संख्या में लोग पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के नेतृत्व में खूंटी थाना पहुंचे और डीएसपी वरुण रजक को अपनी मांगों से अवगत कराया। प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तार लोगों की बिना शर्त रिहाई और पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।


पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष लोगों को जल्द से जल्द रिहा किया जाना चाहिए। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी कार्रवाई तथ्यों और प्राप्त शिकायतों के आधार पर की जा रही है। डीएसपी वरुण रजक ने बताया कि दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि अब तक दो लोगों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं, जबकि अन्य को छोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।


पुलिस के अनुसार, मुरहू थाना में इस घटना से संबंधित अब तक कुल 10 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें तीन केस प्रशासन की ओर से दर्ज कराए गए हैं। इस दौरान विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखी। कुछ नेताओं ने कानून-व्यवस्था और धार्मिक जुलूसों को लेकर सवाल उठाए, जबकि एक पक्ष ने हमले के इरादे से मारपीट का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत सौंपी है।