द फॉलोअप डेस्क
कोल्हान प्रमंडल के नवनियुक्त उप महानिरीक्षक (DIG) अनुरंजन किस्पोट्टा शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने उनका स्वागत किया। साथ ही जिला पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद डीआइजी ने जमशेदपुर के सीनियर एसपी, सिटी एसपी और रूरल एसपी के साथ कार्यालय सभागार में जमशेदपुर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले क्राइम कंट्रोल को लेकर समीक्षात्मक बैठक की। जिसके साथ ही बैठक में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को लेकर विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। इस दौरान बैठक में उन्होंने आगामी बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा तैयारियों का भी जायजा लिया।
डीआइजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बेहतर पुलिसिंग के साथ आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाये। डीआईजी ने पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जन संवाद पर विशेष जोर दिया। उन्होंने टीम भावना के साथ काम कर अपराध मुक्त जिले के निर्माण का संकल्प लेने का निर्देश भी सभी पुलिस पदाधिकारियों को दिया। इस बैठक के बाद डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने सभी जिला वासियों को ईद-उल-जुहा (बकरीद) की बधाई दी तथा सभी से पर्व को शांतिपूर्वक तरीके से मनाने की अपील की।