रांची
बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब 1:29 बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने जमीन और बालू कारोबारी टोनी लोहरा को गोली मार दी। टोनी लोहरा कमड़े, रातू का रहने वाला है। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में रिम्स के सर्जरी आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। टोनी अपने चार दोस्तों के साथ कार से मंडा बगीचा में पार्टी करने पहुंचा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी।
गोली मारने के बाद भी काफी देर तक धमकाते रहे अपराधी
बताया जा रहा है कि गोली मारने के बाद दोनों हमलावर मौके से तत्काल फरार नहीं हुए। उन्होंने घायल टोनी लोहरा को काफी देर तक डराया-धमकाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कुख्यात अपराधी लवकुश शर्मा की भूमिका सामने आई है। पुलिस को शक है कि लवकुश के इशारे पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया। गोलीबारी के दौरान उसका सहयोगी गौरव भी मौके पर मौजूद था। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।.jpeg)
10 दिन पहले कराई थी 2 एकड़ जमीन की बाउंड्री
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि टोनी लोहरा ने करीब 10 दिन पहले रातू के झखराटांड़ इलाके में स्थित करीब 2 एकड़ जमीन की बाउंड्री कराई थी। इसके बाद से जमीन को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इसी एंगल को भी महत्वपूर्ण मानते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। देर रात तक पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। वहीं, मुख्य आरोपी बताए जा रहे लवकुश शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।.jpeg)
पार्टी करने पहुंचे थे टोनी और उसके चार दोस्त, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
टोनी लोहरा अपने चार दोस्तों के साथ कार से मंडा बगीचा में पार्टी करने पहुंचा था। इसी दौरान बाइक से दो अपराधी वहां पहुंचे। आमना-सामना होते ही आरोपियों ने टोनी के पेट में गोली मार दी। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। फुटेज के अलावा पुलिस टोनी के साथ मौजूद उसके दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद की पूरी घटनाक्रम को समझा जा सके।
करीब 4 घंटे तक चला ऑपरेशन, फिर भी नहीं मिली गोली
गोली टोनी के पेट में धंस गई है। शरीर में गोली लगने का निशान तो मिला है, लेकिन गोली बाहर निकलने का कोई निशान नहीं है। इसके बाद रिम्स के डॉक्टरों की टीम ने गोली निकालने के लिए करीब चार घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया। हालांकि, ऑपरेशन के दौरान गोली की सटीक लोकेशन का पता नहीं चल सका। डॉक्टरों की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली शरीर के किस हिस्से में जाकर फंसी है। फिलहाल टोनी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज रिम्स के सर्जरी आईसीयू में चल रहा है।.jpeg)
कालू लामा हत्याकांड के बाद चर्चा में आया था लवकुश शर्मा
कुख्यात अपराधी लवकुश शर्मा मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जाता है और वर्तमान में बरियातू थाना क्षेत्र के कुसुम विहार में रहता है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में रांची और आसपास के विभिन्न थानों में 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। वर्चस्व की जंग को लेकर 27 जनवरी 2022 को मोरहाबादी मैदान के पास अपराधी कालू लामा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में लवकुश शर्मा और उसके गुर्गों का नाम सामने आया था। इसके बाद से लवकुश शर्मा रांची के अपराध जगत में लगातार चर्चा में रहा है।
घायल टोनी और उसके साथी नहीं बता रहे पूरी बात, हमले की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, मंडा बगीचा में देर रात पार्टी करने पहुंचे युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद टोनी लोहरा को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, घायल टोनी और उसके साथ मौजूद युवक अभी घटना के संबंध में पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता रहे हैं। यही वजह है कि पुलिस के सामने हमले की सटीक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जमीन विवाद, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।