logo

Ranchi : महिला मरीजों ने सिविल सर्जन पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, सफाई में बोले- मुझे बदनाम करने की साजिश

a109.jpg

डेस्क: 


लातेहार सिविल सर्जन डॉ. हरेनचंद्र महतो पर महिला मरीजों के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा है। 2 किशोरियों ने सिविल सर्जन पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। सूत्रों के मुताबिक सिविल सर्जन पर आरोप है कि वे अपने निजी आवास में अल्ट्रासाउंड के बहाने युवतियों के साथ अश्लील हरकत किया करते थे।

 

महिला थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
हिंदी वेबसाइट टीवी9 भारतवर्ष की रिपोर्ट के मुताबिक जिले की महिला थाना प्रभारी सुनीता कुमारी ने बताया कि सिविल सर्जन के खिलाफ 2 युवतियों ने अश्लील हरकत करने शिकायत की। युवतियों की शिकायत के बाद सिविल सर्जन के खिलाफ पॉस्को सहित भारतीय दंड सहिंता की अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जायेगा। सुनीता कुमारी ने कहा कि सिविल सर्जन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जायेगी। उक्त मामले की जानकारी पलामू प्रमंडल के डीआईजी और लातेहार के उपायुक्त को भी दी गई है। गौरतलब है कि उच्चाधिकारियों द्वारा यौन उत्पीड़न का ये पहला मामला नहीं है। 

उच्चाधिकारियों पर लगा है यौन शोषण का आरोप
गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पहले ही खूंटी के एसडीएम सैयद रियाज अहमद पर एक छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। हिमाचल प्रदेश की रहने वाली आईआईटी की छात्रा ने आईएएस रियाज अहमद पर गलत तरीके से छूने, अश्लील हरकत करने और जबरन चूमने का आऱोप लगाया था। वहीं, झारखंड कैडर के ही एक और आईएफएस अधिकारी पर शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। अब लातेहार के सिविल सर्जन पर गंभीर आरोप लगे हैं।

सिविल सर्जन ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है
वहीं इस पूरे मसले पर जिले के सिविल सर्जन डॉ. हरेनचंद्र महतो ने कहा कि कुछ लोग मुझे बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं। मेरी छवि खराब करने के उद्देश्य से मुझपर ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। सिविल सर्जन का कहना है कि मैंने अपने 32 साल के करियर में पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम किया है।

उन्होंने कहा कि जिले का सिविल सर्जन नियुक्त किए जाने के बाद मैंने व्यवस्था में सुधार लाने का प्रयास किया जो कुछ लोगों को पसंद नहीं आया।