द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित बरवाडीह गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चियों की जान चली गई। मृतक बच्चियों की पहचान 10 वर्षीय प्रियंका कुमारी और 9 वर्षीय संजू कुमारी के रूप में हुई है, जो आपस में चचेरी बहन थीं। दोनों घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान उनका शव पानी से भरे एक गड्ढे में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां गुरुवार को घर से निकली थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटीं तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों को ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए गड्ढे में दोनों बच्चियां डूबी हुई दिखाई दीं। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

अवैध भट्ठे के गड्ढे पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि दूसरे गांव के कुछ लोगों ने अवैध ईंट भट्ठे के लिए गड्ढा खोदा था और काम पूरा होने के बाद उसे खुला छोड़ दिया गया। हाल की बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर गया था, जिससे वह और अधिक खतरनाक बन गया। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और ऐसे सभी गड्ढों को तत्काल भरने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
हादसे के बाद बच्चियों के परिजन शुरुआती दौर में पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे, लेकिन पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया। बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।