द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के कोमर गांव में रविवार देर रात करंट लगने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड गांव में घुसा था, इसी दौरान एक हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, झुंड में शामिल कुछ अन्य हाथियों के भी करंट लगने से घायल होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गांव में लगातार पहुंच रहा था हाथियों का झुंड
कोमर गांव और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ गई थी। ग्रामीणों के मुताबिक, रात होते ही हाथियों का झुंड गांव में पहुंचकर घरों और खेतों को नुकसान पहुंचा रहा था। रविवार रात भी करीब 15 हाथियों का झुंड गांव की ओर आया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने काफी देर तक हाथियों पर नजर रखी और उन्हें गांव से दूर खदेड़ दिया। हालांकि, देर रात हाथियों का झुंड दोबारा गांव की तरफ लौट आया और एक ग्रामीण के मकई के खेत की ओर चला गया।

करंट से मौत की जांच में जुटा वन विभाग
वन विभाग के ट्रैकर पप्पू महतो के अनुसार, रात करीब 2 बजे तक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। बाद में हाथियों का झुंड दोबारा खेत की ओर पहुंचा, जहां पहले से बिजली का तार लगा हुआ था। इसी तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने रात में हाथियों के चिंघाड़ने की आवाज भी सुनी, जिसके आधार पर दूसरे हाथियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।