नंदलाल तुरी
झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडे के निर्देश पर तथा सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में पाकुड़ जिले के भवानीपुर पंचायत भवन में नालसा की जागृति योजना के तहत विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ संजीव कुमार मंडल ने नालसा की जागृति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जागृति योजना का पूरा नाम जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट्स इन्फॉर्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव (Justice Awareness for Grassroots Information and Transparency Initiative) है। इस योजना की शुरुआत वर्ष 2025 में की गई है। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्गों तक निःशुल्क कानूनी सहायता पहुँचाना, कानूनी जागरूकता फैलाना तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता केंद्र स्थापित कर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और न्याय तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करना है, ताकि हर घर तक न्याय पहुँच सके।
शिविर के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। लोगों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे अपने अधिकारों के लिए स्वयं खड़े हो सकें। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के माध्यम से कानूनी सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि नालसा की जागृति योजना न्याय को केवल अदालतों तक सीमित न रखकर आम आदमी के घर तक पहुँचाने का एक जमीनी प्रयास है, जो विशेष रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रही है। इस अवसर पर पंचायत की मुखिया महमोदा खातून, पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि, पैरा लीगल वॉलंटियर्स एजारूल शेख सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
