नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को टाउन हॉल, रवींद्र भवन में विधिक सेवा सशक्तिकरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय प्रसाद, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह व उपायुक्त मनीष कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया। शिविर में कुल 57 करोड़ 15 लाख 88 हजार 270 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच किया गया। इसमें पीएम आवास, अबुआ आवास, जनमन, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सहायता, मनरेगा, उद्योग, परिवहन व सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ शामिल रहीं। न्यायमूर्ति संजय प्रसाद ने कहा कि संवेदनशील अधिकारी और जागरूक जनता से ही विकास संभव है। उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले की उपलब्धियों की जानकारी दी और सभी को 'आदि कर्मयोगी' बनने की शपथ दिलाई।
