द फॉलोअप टीम, चाईबासाः
चक्रधरपुर रेल मंडल के बिसरा रेलवे स्टेशन पर लोगों ने आज रेल का चक्का जाम कर दिया। लोग यहां पहले की तरह एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग कर रहे हैं। इस वजह से बिसरा पब्लिक एक्शन कमेटी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों ने रेल चक्का जाम कर दिया। स्थानीय लोगों ने जमकर नारेबाजी की। इस रेल चक्का जाम की वजह से हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। इससे चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय द्वारा अब तक तीन पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। जबकि तीन एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट को डायवर्ट किया गया है। बता दें कि चक्रधरपुर रेल मंडल के बिसरा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल से पहले एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव हो रहा था। लेकिन कोरोना काल खत्म होने के बाद भी ट्रेन का ठहराव बिसरा रेलवे स्टेशन पर नहीं हो रहा, जिससे लोग काफी परेशान हैं। इस वजह से लोगों ने आज (30 अक्टूबर) को रेलवे ट्रैक पर उतरकर विरोध किया।

विधायक ने की कोशिश; विफल रहे
इस चक्का जाम के चलते चक्रधरपुर रेल मंडल के बिसरा स्टेशन पर दो मालगाड़ी, राउरकेला स्टेशन में गीतांजलि और अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चक्रधरपुर स्टेशन में उत्कल एक्सप्रेस और टाटानगर स्टेशन में साउथ बिहार एक्सप्रेस रास्ते में ही जहां-तहां फंसी हैं। अन्य स्टेशनों पर कई मालगाड़ियों के फंसे होने की खबर आ रही है। रेल चक्का जाम का नेतृत्व कर रहे बिरमित्रपुर के पूर्व विधायक जोर्ज तिर्की समेत अन्य नेताओं से एडीआरएम राजकिशोर मोहंती ने वार्ता कर रेल चक्का जाम को हटाने की कोशिश की। हालांकि, उनका प्रयास विफल रहा। ग्रामीण ट्रेनों के ठहराव की मांग पूरी नहीं होने तक रेल चक्का जाम करने की जिद पर अड़े हुए हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N