द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले में खेल प्रेमियों के लिए एक सुनहरा अवसर आने वाला है। जिले में पहली बार राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट की तर्ज पर लोहरदगा प्रीमियर लीग 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य टूर्नामेंट की शुरुआत 3 नवंबर से ऐतिहासिक नदिया ग्राउंड में होगी। जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित यह लीग जिले में फुटबॉल खेल को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
फुटबॉल कमिटी ने टूर्नामेंट की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस लीग की सबसे खास बात यह है कि इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी स्थानीय प्रतिभाओं के साथ मैदान में उतरेंगे। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगी।.jpg)
आयोजन समिति के संयोजक अभिनव सिद्धार्थ भगत ने नदिया ग्राउंड पहुंचकर सभी तैयारियों का जायजा लिया और बताया कि लोहरदगा में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए बल्कि दर्शकों के लिए भी एक यादगार अनुभव साबित होगा।
इस रोमांचक फुटबॉल लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी जिनमें लोहरदगा लायन, सेन्हा स्टॉलियंस, भंडरा बुल्स, कैरो काइनेटिक, टाउन टाइटंस, पेशरार पैंथर्स, किस्को किंग्स और कूडू नाइट्स शामिल हैं।
अभिनव सिद्धार्थ भगत ने कहा कि लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें। पूरे जिले में इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है और खेल प्रेमी बेसब्री से टूर्नामेंट के आगाज का इंतजार कर रहे हैं।