द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची (Ranchi) से भविष्य बताने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। शहर के जगन्नाथपुर हवाई नगर में रहने वाली महिला मधु पांडेय से तथाकथित ठगों ने भविष्य बताने का झांसा देकर उनका मोबाइल और जेवरात ठग फरार हो गए। घटना गुरुवार की है। इस संबंध में मधु पांडेय ने दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

फिलहाल गहने पहनना आपके हित में नहीं,कहकर गहने पर्स में रखवाए
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि गुरुवार दिन के 3:30 बजे वह बिरसा चौक से दूध लाने के लिए घर से निकली थी। इसी क्रम में जब वह हवाई नगर रोड नंबर छह के पास पहुंची तो दो लोग उनके पास पहुंचे और कहा कि वे हरिद्वार से आएं हैं,भविष्य देखते हैं। अगर खराब समय आने वाला है तो उसके लिए पूजा कर उसे ठीक करते हैं। ठगों ने महिला को विश्वास दिलाने के लिए कहा कि आपके दो बच्चे हैं न। चूंकि महिला के दो बच्चे ही हैं यह सुनते ही पीड़िता ठगों के झांसे में आ गई। इसी दौरान ठगों ने पीड़िता से शरीर में पहने जेवरात खोलकर पर्स में रखने की बात कही। कहा कि फिलहाल गहने पहनना आपके हित में नहीं है। इसलिए सड़क पर गहने पहनकर न घूमे। पीड़िता उनकी बातों आकर सोने का चेन और कान का झुमका खोलकर पर्स में रख दिया। इसी बीच ठगों ने पीड़िता को मंदिर की तरफ दिखाकर कहा कि देखो दुर्गा जी दिखाई दे रहीं हैं। जैसे ही महिला मंदिर की तरफ घूमी, दोनों ठग महिला से पर्स झपट कर फरार हो गई। महिला उन्हें देखते ही रह गई और वे गायब हो गए।

महिला ने थाने में दर्ज करवाया मामला
ठगी का शिकार होने के बाद महिला सीधे जगन्नाथपुर थाना पहुंची और वहां अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। वहीं दूसरी तरफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ठगों की पहचान करने लिए पुलिस उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरा खंगाल रही है।