द फॉलोअप डेस्क
दुमका के नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने ट्रेवल्स कंपनी के मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री लुइस मरांडी (louis marandi) पोस्टमार्टम हाउस पहुंची, जहां उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने इस दौरान कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। प्रतिदिन हत्याएं हो रही है। कोई किसी को भी गोली मार दे रहा है। जानकारी हो कि अपराधियों ने नगर थाना क्षेत्र के रानी बागान इलाके में सनोज कुमार सेन नामक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी हैसनोज को 6 गोली लगी थी । सिर से गर्दन के बीच उसे पांच गोली लगी है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पहले से ही घर के मोड़ के पास घात लगाए बैठे थे अपराधी
सनोज कुमार दुमका से रांची और कोलकाता को चलने वाले ओम ट्रेवल्स में मैनेजर का काम करता था। हर दिन रात के लगभग 10:30 बजे बस पड़ाव से रात्रि में जाने वाली बसों को भेज कर घर लौटता था। यह बात अपराधियों को पता थी। वो पहले से ही घर के मोड़ के पास घात लगाए बैठे थे। जैसे ही सनोज वहां पहुंचा अपराधियों ने उसका पीछा कर ओवरटेक कर उसपर फायरिंग की। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने दी जानकारी
मृतक के बड़े भाई मनोज कुमार सेन ने बताया कि उन्हें यह सूचना मिली कि उसका छोटा भाई सनोज अपने घर के बाहर गिरा हुआ है। वह उसे उठाकर जब अस्पताल लाया तो चिकित्सकों ने सनोज को मृत घोषित कर दिया। भाई ने बताया कि घटना की वजह के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जमा हो गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : http://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\