logo

2 डीजे के बीच हो रहा था साउंड कॉम्पिटिशन, महिला की बिगड़ी तबीयत; दोनों जब्त

ेोही.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के मेदिनीनगर के बेलवाटिकर इलाके में शनिवार देर रात दो डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन के चलते पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मध्य प्रदेश के भोपाल और उत्तर प्रदेश के मऊ के डीजे जब्त कर लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, डीजे के जोरदार साउंड के कारण इलाके के एक जाने-माने होटल कारोबारी की मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें पेसमेकर संबंधी गंभीर समस्या थी और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद होटल कारोबारी ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों डीजे के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया और कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने पुष्टि की कि एफआईआर दर्ज की गई है और दोनों डीजे को जब्त किया गया है। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। मेदिनीनगर प्रमंडलीय मुख्यालय में रामनवमी के मौके पर 54 अखाड़ों की तरफ से जुलूस निकाला जाता है। इसी दौरान भोपाल और मऊ के डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन हुआ। डीजे की तेज आवाज से होटल का नुकसान भी हुआ और होटल के शीशे टूट गए।