द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में बने बिरसा मुंडा एग्रो पार्क ने जहां स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन और आकर्षण का केंद्र बनकर अपनी पहचान बनाई है, वहीं अब यहां एक और महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। पार्क के भीतर शहीदों के सम्मान में एक स्मारक का निर्माण कराया गया है, जो अब लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन चुका है। यह स्मारक गुमला की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता हुआ नजर आ रहा है।
इस शहीद स्मारक स्थल पर गुमला के उन वीरों के नाम अंकित हैं, जिन्होंने देश की सीमा पर या आंतरिक सुरक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाई। इनमें परमवीर चक्र विजेता अल्बर्ट एक्का समेत कई अन्य वीरों के नाम शामिल हैं। यह स्मारक निश्चित रूप से आज की युवा पीढ़ी को, जो कई बार गलत रास्तों पर भटक जाती है, देश प्रेम की भावना से प्रेरित करेगा।
इस स्थल पर आने वाले लोगों को अपने इलाके के वीर सपूतों के बारे में जानकारी मिलेगी और यह जानकारी उन्हें आर्मी में भर्ती होने के लिए प्रेरित कर सकती है। यहां पहुंचे कुछ लोगों ने कहा कि प्रशासन की ओर से यह एक बेहतरीन कदम है और वे इसके लिए प्रशासन का धन्यवाद करते हैं। यहां पहुंचे एक वर्तमान आर्मी के जवान ने बताया कि इस तरह के स्थल का निर्माण कर प्रशासन ने सैनिकों को सम्मानित किया है और उनके परिवारों के लिए यह एक गर्व का पल होगा।
