द फॉलोअप डेस्क
'वन्दे मातरम' की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, और इसी क्रम में पलामू जिले के मुख्यालय मेदिनीनगर में भी शुक्रवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में “वन्दे मातरम” का सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ देशभक्ति का माहौल देखते ही बन रहा था। मेदिनीनगर के पुलिस लाइन ग्राउंड में शुक्रवार सुबह राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हुए इस सामूहिक गायन में जिले के वरीय अधिकारी, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद, एनडीसी नीरज कुमार, डीईओ सौरभ प्रकाश समेत कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने एक स्वर में “वन्दे मातरम” गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और एकता का संदेश दिया। राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के दौरान पूरा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया, और छात्र-छात्राओं ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।
आईजी ने बताया 'वन्दे मातरम' को राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक
अधिकारीगणों ने इस अवसर पर कहा कि “वन्दे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि यह भारत के स्वाधीनता संग्राम की आत्मा है जिसने देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “वन्दे मातरम हमारे राष्ट्रीय सम्मान का प्रतीक है। इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का काम किया था। आज के युवा पीढ़ी को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।”
इसी तरह, जिले के विभिन्न प्रखंडों, विद्यालयों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी “वन्दे मातरम” का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। स्थानीय बीडीओ, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सैकड़ों की संख्या में नागरिकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर जगह लोगों के चेहरे पर देशप्रेम की भावना झलक रही थी, और वातावरण में गूंज रहा था “वन्दे मातरम, वन्दे मातरम।”
