logo

सदर अस्पताल रांची में मेडिसिन बैंक की शुरुआत, जानें किसको मिलेगा फायदा 

sadar2.jpg

रांची 

सदर अस्पताल रांची में गरीब मरीजों के लिए मेडिसिन बैंक की शुरुआत की गई। मेडिसिन बैंक के माध्यम से ऐसे गरीब मरीज, जो दवा खरीदने में भी सक्षम नहीं हैं, उनको ओपीडी काउंटर में ही मुफ्त में दवाई दी जायेगी। अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि इच्छुक लोग अस्पताल को दवाइयां डोनेट भी कर सकते हैं। मेडिसिन डोनेशन बॉक्स रेजिस्ट्रेशन काउंटर के पास रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन ने लोगों से आग्रह किया है कि वे बची हुई दवाइयां बाहर न फेंके। इससे कई गरीबों का भला हो सकता है। शहर में जिन लोगों के घर में बची हुई दवाइयां हैं, वह इसे मेडिसिन डोनेशन बॉक्स में लाकर डाल सकते हैं। बता दें कि मेडिसिन डोनेशन बॉक्स लाइफ सेवर्स रांची की ओर से प्रदान किया गया है। 


काफी दिनों से प्रयास में था अस्पताल प्रबंधन 
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि सदर में कई दिनों से मेडिसिन बैंक खोलने पर विचार किया जा रहा था। संसाधन और सही समय के इंतजार में इसमें देरी हो रही थी। अब इस बैंक के खुल जाने पर अस्पताल प्रबंधन को भी खुशी महसूस हो रही है। वहीं, मौके पर मौजूद मरीजों और अन्य लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के इस प्रयास की सराहना की है। मेडिसिन बैंक के शुभारंभ के समय सिविल सर्जन डॉक्टर प्रभात कुमार, लाइफ सेवर्स रांची से अतुल गेरा, पराग श्रीवास्तव के अलावे अन्य लोग मौजूद थे।