द फॉलोअप डेस्क
सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को गिरिडीह जिले के दीघरिया कला स्थित बजरंगबली मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता बेंगाबाद प्रखंड अध्यक्ष कुलदीप मिश्रा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष हेमंत कुमार पाठक ने किया। बैठक का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन के साथ हुआ।

इस मौके पर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक कुमार उपाध्याय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महेश पाठक और प्रांतीय महासचिव शरत चंद्र भक्त विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 10-11 जनवरी 2026 को गिरिडीह में शाकद्वीपीय महाकुंभ, जिला सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इस भव्य आयोजन में झारखंड सहित देशभर के विभिन्न प्रांतों से शाकद्वीपीय समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु महेश पाठक को संयोजक नियुक्त किया गया।
बैठक में बेंगाबाद प्रखंड समिति का भी विस्तार किया गया। नई कमिटी में अध्यक्ष कुलदीप मिश्रा, सचिव अरुण वैद्य, कोषाध्यक्ष द्वारका मिश्र, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम मिश्र, मुकेश पाठक व राजेश पाठक, सह सचिव मनोज पाठक, संगठन मंत्री विपिन कुमार मिश्र, कार्यकारिणी सदस्य बिनोद मिश्र एवं बबलू पांडेय को शामिल किया गया।
संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से महासंघ द्वारा प्रत्येक परिवार से ₹30 मासिक सदस्यता शुल्क लिए जाने का निर्णय लिया गया, जिसकी शुरुआत इसी बैठक से की गई। साथ ही, शाकद्वीपीय समाज का पारिवारिक सर्वेक्षण प्रारंभ करने और गिरिडीह जिला मुख्यालय में शाकद्वीपीय भवन एवं संस्कृत विद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।
बैठक के समापन पर सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर श्याम सुंदर मिश्रा, गौरीशंकर पाठक, सत्यनारायण पाठक, विपिन मिश्र, दिलीप मिश्र, कृष्ण मिश्र, कुमार पालव भक्त, द्वारिका मिश्र, मनोज पाठक, राजेश पाठक, मुक्तेश पाठक समेत अनेक वरिष्ठ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
