logo

जमशेदपुर में हाथियों की सुरक्षा पर बैठक, DC ने बिजली विभाग को इंसुलेटेड केबल लगाने के दिए निर्देश

जमशेद.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीसी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में वन्यजीवों की सुरक्षा से संबंधित बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद, विद्युत विभाग के कार्यापालक अभियंता व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में विशेषकर हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली की तारों और अन्य ढांचागत कारणों से वन्यजीवों को किसी प्रकार की क्षति नहीं होनी चाहिए। इसके लिए विभागीय स्तर पर ठोस और दीर्घकालिक समाधान लागू करना अनिवार्य है। बैठक में पूर्व के निर्देशों एवं सुधारात्मक उपायों के अनुपालन की भी समीक्षा की गयी। 

डीसी ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को सख्त निर्देश दिया कि जंगल और हाथी मार्ग वाले इलाकों में बिजली की तारें मानक ऊंचाई तक उठाई जाएं। जहां संभव हो वहां इंसुलेटेड केबल का प्रयोग किया जाए। बिजली के ढांचे को इस प्रकार बनाया जाए कि वह पूरी तरह वन्यजीव अनुकूल हो । राज्य सरकार के निर्देशानुसार गठित जिला स्तर की अनुश्रवण समिति कार्य प्रगति की निगरानी करेगी।
डीसी ने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों और हाथियों की सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें। वन विभाग के कर्मियों को हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में नियमित गश्ती करने, स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक करने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिन इलाकों में हाथियों की आवाजाही अधिक होती है, वहां मॉनिटरिंग तंत्र विकसित किये जाने पर चर्चा की गयी।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand kahabar jmashedpur news jamshedpur latest news jamshedpur DC news