logo

Ranchi : कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले लॉन बॉल खिलाड़ियों ने सीएम हेमंत से की मुलाकात

a2017.jpg

रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में विगत दिनों बर्मिंघम में आयोजित  राष्ट्रमंडल खेल-2022 में भारतीय महिला एवं पुरुष लॉन बॉल्स टीम को पदक जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले झारखंड के खिलाड़ियों ने मुलाकात की। गौरतलब है कि हालिया संपन्न राष्ट्रमंडल खेल में लॉन बॉल इवेंट में महिला टीम ने स्वर्ण तो वहीं पुरुष टीम ने रजत पदक जीता था। राष्ट्रमंडल खेलों के 98 साल के इतिहास में लॉन बॉल में ये पहला पदक है।

 

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शन की तारीफ की
भेंट-वार्ता के क्रम में  भारतीय महिला लॉन बॉल्स टीम की खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की, लवली चौबे तथा पुरुष लॉन बॉल्स टीम के खिलाड़ी दिनेश कुमार, चंदन कुमार सिंह एवं सुनील बहादुर ने मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रमंडल खेलों के अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री इन सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेल-2022 में इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

खिलाड़ियों ने खेल नीति की सराहना की
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी खिलाड़ियों ने देश के लिए प्रतिष्ठित मेडल जीतने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। भारतीय लॉन बॉल्स टीम को मेडल दिलाने में आपके द्वारा किया गया प्रदर्शन राज्य और देश को गौरवान्वित किया है। आप झारखंड के खिलाड़ियों ने राज्य का नाम देश और दुनिया में रोशन कर दिखाया है। सिर्फ झारखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश को आप पर गर्व है। आपकी सफलता राज्य के अन्य खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।  मौके पर सभी लॉन बॉल्स खिलाड़ियों ने राज्य सरकार की  नई खेल नीति की सराहना की।

सीएम ने हरसंभव मदद का भरोसा दिया
खिलाड़ियों ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यहां के खिलाड़ियों को मिल रही आधुनिक सुविधा और प्रोत्साहन से ही यह संभव हो पाया है। राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति मिलने से युवा वर्ग में खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है। मौके पर लोन बॉल संघ के सचिव मधुकांत पाठक भी उपस्थित रहे।