logo

मंत्री इरफान का सख्त एक्शन : झारखंड में Coldrif, Repifresh और Relife कफ सिरप बैन, स्वास्थ्य से खिलवाड़ करनेवालों को दी चेतावनी 

irfan_kkk.jpg

रांची
मध्यप्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप पीने से 14 बच्चों की मौत की घटना के बाद झारखंड सरकार ने त्वरित एक्शन लेते हुए राज्य में तीन दवाओं Coldref, Repifresh और Relife के उपयोग और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि, “स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कुर्सी मुझे समझौता करने के लिए नहीं, बल्कि जनता के जीवन की रक्षा के लिए मिली है।”
उन्होंने विभाग को सख्त निर्देश दिया है कि इन प्रतिबंधित सिरपों के नमूने सभी मेडिकल स्टोर्स और फार्मा कंपनियों से तुरंत जब्त किए जाएं और प्रयोगशाला में जांच कराई जाए। यदि किसी भी उत्पाद में मानक से विचलन पाया गया तो संबंधित कंपनी और आपूर्तिकर्ताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


राज्यभर के औषधि नियंत्रक अधिकारियों और ड्रग इंस्पेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे संदिग्ध दवाओं की निगरानी और नष्टिकरण की प्रक्रिया बिना देरी पूरी करें।
डॉ. अंसारी ने कहा कि डॉक्टरों और फार्मासिस्टों को भी दवाओं के परामर्श में सावधानी बरतनी होगी और निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य है। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है, और जिला स्तर से लेकर राज्य मुख्यालय तक 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर हानिकारक या घटिया दवा जनता तक न पहुंच सके।
मंत्री ने दोहराया, “हमारा लक्ष्य साफ है, जनता का स्वास्थ्य सर्वोपरि है। दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News