रांची
कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज चान्हो प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में CO, BDO सहित अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
मंत्री ने कार्यालय परिसर के एक-एक कमरे का निरीक्षण किया और वहां मौजूद ग्रामीणों से उनके काम और समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि अधिकारी और कर्मचारी अक्सर कार्यालय से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे आम लोगों के कार्य प्रभावित होते हैं।

कार्यालय में पसरे सन्नाटे और बंद कमरों को देखकर मंत्री ने रांची डीसी को तुरंत सूचना दी और सभी अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को शोकॉज़ करने का निर्देश दिया। यह कार्रवाई बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर की जाएगी। साथ ही CO और BDO से भी कारण बताओ नोटिस मांगा गया है। मंत्री ने कहा कि लगातार शिकायत मिल रही थी कि चान्हो प्रखंड कार्यालय में अधिकारी समय पर नहीं पहुंचते। इसी के मद्देनज़र यह औचक निरीक्षण किया गया।
शिल्पी नेहा तिर्की ने सख्त लहजे में कहा, “सरकारी व्यवस्था और अनुशासन में काम नहीं करने वालों की मांडर में कोई जरूरत नहीं है। अगर अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाते हैं तो उन पर सख्त कार्रवाई तय है।”
इस निरीक्षण से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है, वहीं स्थानीय लोगों ने मंत्री के इस कदम का स्वागत किया है।
