द फॉलोअप डेस्क
नगर विकास एवं आवास विभाग सह उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह नगर निगम परिसर में शहरी विकास से जुड़ी कुल 71 योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। ये सभी योजनाएं शहरी परिवहन, नागरिक सुविधाओं और एचएलएमसी (HLMC) से स्वीकृत हैं। शिलान्यास कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री सुदिव्य कुमार, एसडीएम श्रीकांत विस्पुते सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षद, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने ठेकेदारों को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरिडीह उनके लिए विशेष प्राथमिकता वाला जिला है। सरकार से योजनाओं के लिए धन उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी है, जबकि उन पैसों का सही, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना नगर निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की जिम्मेदारी है। मंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के पूर्ण होने से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
