logo

साहिबगंज का मिर्जाचौकी 7वां सबसे उत्कृष्ट थाना, झारखंड का पहला; 24 जनवरी को मिलेगा सम्मान

mirza.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाने को देश में बेहतर थानों की सूची में सातवां स्थान और राज्य का पहला स्थान मिला है। गृह मंत्रालय ने इसे लेकर सूची जारी की है। बेहतर कामकाज, रखरखाव और अन्य मानकों पर अच्छे अंक प्राप्त करने के कारण मिर्जाचौकी थाने को यह उपलब्धि मिली है। थाने में पुलिसकर्मियों की उपस्थिति, अपराध नियंत्रण, जनता से संपर्क, शिकायतों का निपटारा, थाने की साफ-सफाई और अन्य मामलों में बेहतर प्रदर्शन किया गया है। 


80 स्थानों का निरीक्षण किया गया था
गृह मंत्रालय की ओर से देशभर के 80 से अधिक स्थानों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान वैसे थानों को चिन्हित किया गया जिन्होंने बेहतर कामकाज, रखरखाव और अन्य मानकों पर अच्छे अंक प्राप्त किए। इसके बाद मिर्जाचौकी थाने को देश के टॉप 10 थानों की सूची में शामिल किया गया। मिर्जाचौकी थाने की इस उपलब्धि से झारखंड के पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ा है। यह दिखाता है कि झारखंड पुलिस बेहतर काम कर रही है और लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। 


पुलिस मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा
इस उपलब्धि पर साहिबगंज के जिला पुलिस प्रशासन और जिलेवासियों ने खुशी जताई है। डीआईजी कार्मिक सह तत्कालीन साहिबगंज एसपी नौशाद आलम, तत्कालीन एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा और थाना प्रभारी मिर्जा चौकी थाना सहित कई पुलिस पदाधिकारी को झारखंड के डीजीपी अजय कुमार सिंह सम्मानित करेंगे। 24 जनवरी को सभी को पुलिस मुख्यालय में सम्मानित किया जाएगा।