logo

बड़कागांव : विधायक अंबा प्रसाद ने जितिया मेला में की शिरकत, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

a571.jpg

बड़कागांव: 

इस वर्ष भी बड़कागांव प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती पंचायत गोंदलपुरा के ग्राम गाली में जितिया मेला का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित जितिया मेले में स्थानीय विधायक अंबा प्रसाद शामिल हुईं एवं जीवित्पुत्रिका पर्व की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं ने आदिवासी नृत्य कर पारंपरिक रूप से फूल माला पहनाया एवं विधायक का स्वागत किया। विधायक ने मंदिर में मत्था टेक क्षेत्रवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में जीवित्पुत्रिका व्रत का विशेष महत्व है। पुत्र प्राप्ति तथा संतान की दीर्घायु जीवन की कामना के लिए व्रत का अनुष्ठान किया जाता है। इसको लेकर माताएं निराहार व्रत रखती हैं।

ग्रामीणों ने समस्या से विधायक को अवगत कराया
ग्रामीणों ने अडानी कंपनी के द्वारा जबरदस्ती कार्य करने के प्रयास पर विधायक को अवगत कराया। अंबा प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। कंपनी प्रबंधन को जबरदस्ती कार्य करने का अधिकार नहीं है। बगैर सहमति के अगर कंपनी एवं उनके अधिकारी किसी भी तरह का कार्य करने का प्रयास करेगी तो उन्हें ग्रामीणों का भारी विरोध झेलना होगा। उन्होंने कहा कि मैंने विधानसभा में भी प्रश्न उठाया गया है। लोगों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं हो यह सुनिश्चित किया जाएगा।


मौके पर मुख्य रूप से प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वेश्वर नाथ चौबे, विधायक प्रखंड एवं अंचल प्रतिनिधि सुरेश महतो, मुखिया बासुदेव यादव, अशीत चक्रवर्ती, गिरजा जी समेत कई लोग मौजूद थे।