द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर, सोनारी के चित्रगुप्त भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकाल केवल सत्ता संचालन का नहीं बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का कालखंड रहा है। उनके अनुसार मोदी सरकार ने विकास और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का काम किया है।

12 वर्षों में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले
आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के संकल्प को जमीन पर उतारा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने किसानों को आर्थिक सहायता देने, गरीब परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने और महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन देने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

भारत रक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों क्षेत्रों में देश मजबूत हुआ
आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं। देश में नए एम्स, आईआईटी, आईआईएम और मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई गई है। गांवों को सड़कों और इंटरनेट से जोड़ने की दिशा में भी तेजी से काम हुआ है। झारखंड के संदर्भ में साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य को पहले की तुलना में अधिक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई है। रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास परियोजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे परियोजनाओं का विस्तार हुआ है और कई स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों क्षेत्रों में मजबूत हुआ है तथा आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।