logo

झारखंड में मानसून का असर तेज, 11 जुलाई तक येलो अलर्ट; इन जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट

wr1.jpg

रांची 
झारखंड में मानसून ने अब पूरी तरह रफ्तार पकड़ ली है। पिछले एक-दो दिनों से राजधानी रांची समेत कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 8 जुलाई को राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह पूर्वानुमान 9 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत पूरे झारखंड में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

11 जुलाई तक रहेगा येलो अलर्ट

मौसम केंद्र का कहना है कि 11 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। इन परिस्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा बिजली गिरने की आशंका होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें। प्रशासन ने भी लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
 

Tags - Jharkhand WeatherJharkhand Rain AlertRanchi Weather UpdateMonsoon in JharkhandIMD Weather Forecast