logo

25 से अधिक पेंड्रोल क्लिप चोरी, रेलवे ट्रैक पर बड़ी घटना की थी साजिश या चोरी की नीयत? जांच शुरू

सस3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज के तीनपहाड़ मालदा रेल मंडल कल्यानचक रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से बाल बाल बच गया है। कल्याणचक रेलवे स्टेशन के निकट एक पुल के पास पोल संख्या 198/34 व 37 के बीच रेल पटरियों से छेड़छाड़ कर अज्ञात लोगों द्वारा पेन्ड्रॉल क्लीप खोला गया। यह बड़े रेल हादसे की साजिश या चोरी की नीयत है? यह आरपीएफ व रेल पुलिस की जांच के बाद ही पता चल सकेगा। करीब 25 से 30 पेन्ड्रॉल क्लिप खुला हुआ पाया गया है। हालांकि कीमैन ने इस बड़ी घटना को अपनी सूझबूझ से टाल दिया। उस समय हावड़ा इंटरसिटी का समय था। जो कि दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल बाल बच गया। यह ट्रेन करीब 50 मिनट तक रोक दी गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह करीब छह बजे लाइन पर ड्यूटी कर रहे की मैन का उस समय होश उड़ गया, जब उसने देखा कि दूर तक रेल पटरी का पेंड्रोल क्लिप, जिसे रेल लाइन की चाबी भी कहा जाता है, वह खुला हुआ है। कुछ दूर तक जाकर उसने देखा तो पेंड्रोल क्लिप खोलकर एक साथ एक जगह फेंका हुआ मिला।
कीमैन ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद यह सुचना मंडल मुख्यालय पहुंचते ही हड़कम्प मच गया। इधर, आरपीएफ के डीएससी असीम कुमार कुल्लू, आरपीएफ कमांडेंट गुलाम सरवर ने दल बल के साथ घटना स्थल पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। डीएससी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह चोरी का मामला लग रहा है। हालांकि इसमे खुफिया जांच लगाई गई है। जल्द ही मामला का खुलासा  किया जायेगा।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand khabar sahibganj news sahibganj latest news railway track news