द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने की। जिले के विभिन्न दूरदराज क्षेत्रों से आए 30 से अधिक नागरिकों ने अपनी समस्याएँ रखीं, जिन्हें उप विकास आयुक्त ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ग्राम लावागाई के कैलाश तिवारी ने आवास उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनका मिट्टी का घर गिर गया है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को रहने में भारी कठिनाई हो रही है। वृद्धावस्था और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं नया घर नहीं बना पा रहे हैं।
इसी तरह, रायडीह प्रखंड के रायसा गांव के ग्रामीणों ने खुरसूता पुल से रायसा तक सड़क नहीं होने की समस्या रखी। ग्रामीणों ने मोरम पथ निर्माण की मांग की, जिस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने और तकनीकी जांच करने का निर्देश दिया, ताकि आवागमन की समस्या शीघ्र दूर हो सके। घाघरा प्रखंड की एक महिला ने आवेदन देते हुए बताया कि उनके पति की मृत्यु उग्रवादी हिंसा में हुई थी, लेकिन उन्हें अब तक अनुग्रह अनुदान की राशि नहीं मिली है। उप विकास आयुक्त ने इस मामले को जिला सामान्य शाखा को भेजते हुए लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
बसिया निवासी जनक साहू ने भूमि विवाद से जुड़ी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में खरीदी गई जमीन पर पीएम आवास निर्माण पर अंचल अधिकारी द्वारा रोक लगा दी गई है और जमीन को सरकारी भूमि बताया जा रहा है। इस पर उप विकास आयुक्त ने अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी बसिया को सभी अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। आज के जन शिकायत निवारण दिवस में रोजगार, आवास योजना, भूमि विवाद, अनुकंपा आधारित नौकरी, पेंशन और प्रमाण पत्र से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। उप विकास आयुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और प्रत्येक आवेदन पर नियमानुसार, पारदर्शी तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
