logo

Ranchi : बिजली कड़कते ही सहम जाते हैं झारखंड के इस गांव के लोग, वज्रपात ने जीना दूभर किया

a375.jpg

डेस्क: 

मानसून वैसे तो खुशी का प्रतीक है। जितना अच्छा मानसून होगा उतनी ही अच्छी बारिश होगी। अच्छी बारिश का मतलब है अच्छी फसल और खुशहाली।

मानसून आता है तो लोग खुश हो जाते हैं, सिवाय झारखंड के इस गांव के। झारखंड की राजधानी रांची स्थित नामकुम प्रखंड के वज्रमरा गांव में लोग सहम जाते हैं, जब भी बिजली कड़कती है। कहते हैं कि आसमानी बिजली ने इस गांव में इतनी तबाही मचाई कि इसका नाम ही वज्रमरा गांव पड़ गया।

दावा है कि देश का ये एकमात्र गांव है जहां पूरे साल में 500 से ज्यादा बार वज्रपात होता है। लोगों की जानें जाती हैं। ये रहस्यमयी है। 

वज्रमरा गांव में लोग वज्रपात से त्रस्त हैं
दावा है कि वज्रमरा गांव में शायद ही कोई परिवार ऐसा हो जिसने वज्रपात की वजह से नुकसान ना झेला है। रांची का पिठौरिया गांव भी आसमानी बिजली गिरने से त्रस्त है। पिठौरिया गांव में स्थित एक प्राचीन किले में प्रत्येक साल कई बार आसमानी बिजली गिरती है। 200 साल पुराना ये किला दरअसल राजा जगतपाल का है। ये अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। 

वज्रपात के नजरिए से 6 संवेदनशील राज्य
दरअसल, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश भर में वज्रपात के खतरे को लेकर 6 राज्यों को सबसे संवेदनशील माना है। इनमें झारखंड भी एक है। वज्रपात, झारखंड के लिए एक बड़ी प्राकृतिक आपदा है। मौसम विभाग का आंकड़ा बताता है कि साल 2021-22 में झारखंड में वज्रपात की 4 लाख 39 हजार 828 घटनाएं हुईं। इसके पहले  2020-21 में झारखंड में लगभग साढ़े 4 लाख बार वज्रपात हुआ।

वहीं, मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है जहां देश में सर्वाधिक वज्रपात होता है। बीते वर्ष यहां साढ़े 6 लाख से अधिक बार बिजली गिरी थी। छत्तीसगढ़ में साढ़े पांच लाख, ओडिशा में पांच लाख 30 हजार वहीं पश्चिम बंगाल में 5 लाख 1 हजार बार वज्रपात हुआ। 

झारखंड में वज्रपात की चेतावनी जारी की गई
इधर, झारखंड में मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि मानसून दोबारा सक्रिय हो गया है। 4 जुलाई तक लगातार मूसलाधार बारिश होगी। संताल परगना के छह जिलों में सबसे ज्यादा बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं सिमडेगा, लोहरदगाक, रांची और हजारीबाग जैसे जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी जारी की है। इस बीच वज्रपात की कई घटनाएं भी सामने आई हैं जहां जानमाल का नुकसान हुआ है।