logo

रांची : आर्यभट्ट ऑडिटोरियम के किराए में वृद्धि पर सांसद संजय सेठ नाराज, कुलपति को लिखा पत्र

SANJAYAARY.jpg

रांचीः
मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट ऑडिटोरियम के किराए में बेतहाशा वृद्धि हुई है। इसपर सांसद संजय सेठ ने नाराजगी जताते हुए रांची विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखा है। पत्र में सांसद ने ऑडिटोरियम का व्यवसायिक उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। सांसद ने कहा है कि इस सभागार में शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कार्य होते हैं। विद्यार्थियों और कलाकारों के द्वारा भी इस सभागार का उपयोग किया जाता है। रांची के लोगों के लिए यह सुलभ और उनके बजट में आने वाला सभागार है। इस सभागार का मूल उद्देश्य भी सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देना रहा है। इसका शुल्क 55 हजार था, जिसे बढ़ाकर अब 2 लाख 21 हजार कर दिया गया है, जो कहीं से सही नहीं है। ऐसा लग रहा है कि सभागार का व्यवसायिक रूप से उपयोग किया जाना है। 


शुल्क में कटौती हो 
सांसद ने आगे पत्र में लिखा है कि रांची के किसी भी सभागार और व्यावसायिक संस्था के भी हॉल का किराया इतना नहीं है, जितना इस सभागार का किया गया है। मेरा ऐसा मानना है कि यह किसी भी कीमत पर न्याय पूर्ण नहीं है। शुल्क में इस तरह की वृद्धि किए जाने से इसका सीधा असर रांची की शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी पड़ेगा। उनके आयोजनों में समस्या होगी। सांसद संजय सेठ ने सुझाव देते हुए कहा है कि शुल्क में कटौती करें ताकि यह सर्वजन के लिए उपलब्ध हो सके। इस उद्देश्य इस आर्यभट्ट सभागार का निर्माण किया गया है, वह उद्देश्य पूर्ण हो सके।