logo

मुंबई के हाई-प्रोफाइल व्यक्ति से 6 लाख की ठगी, करमाटांड़ से एक साइबर अपराधी गिरफ्तार

jamata_cyber.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

साइबर अपराध के गढ़ के रूप में चर्चित जामताड़ा जिले में महाराष्ट्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को मुंबई की कफ परेड थाना पुलिस और स्थानीय करमाटांड़ थाना की पुलिस ने एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाकर साइबर ठगी के आरोपी मजहर आलम को गिरफ्तार किया। पुलिस की यह कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ईदगाह मोड़ स्थित फूकबंदी गांव में हुई। पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे धर दबोचा। मजहर आलम का ईदगाह मोड़ पर 'अलीफा हार्डवेयर' नाम से एक प्रतिष्ठान भी है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन समेत कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, इन मोबाइलों का इस्तेमाल ठगी की वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था।

मुंबई के सब-इंस्पेक्टर रूपेश राजेंद्र भागवत ने बताया कि मजहर आलम मुंबई के कफ परेड थाने में दर्ज कांड संख्या 52/26 का प्राथमिकी अभियुक्त है। उस पर आरोप है कि उसने एक हाई-प्रोफाइल व्यक्ति को झांसे में लेकर उसके बैंक खाते से 6 लाख रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे ट्रैक किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) और IT एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के तहत मामला दर्ज है। वहीं थाना प्रभारी चंदन कुमार तिवारी ने बताया कि इस गिरोह में कई अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर भी छापेमारी की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस कांड से जुड़े अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा

Tags - Jamtara cyber crime Mumbai cyber fraud cyber criminal arrested Karmatand police raid Maharashtra police action cyber fraud case Karmatanr Eidgah Modh raid Majhar Alam arrest Alifa Hardware Karmatand Mumbai Cuffe Parade police