द फॉलोअप, रांची
अगर आपका नाम फिलहाल बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन आप झारखंड में रह रहे हैं, तो अब उसे झारखंड की वोटर लिस्ट में ट्रांसफर कराया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि एसआईआर के दावा-आपत्ति चरण में 5 अगस्त के बाद मतदाता फॉर्म-8 और घोषणा-पत्र भरकर अपना नाम झारखंड की मतदाता सूची में ट्रांसफर करा सकेंगे।

29 जुलाई तक एन्यूमरेशन फेज का काम हो पूरा
शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि 29 जुलाई तक एन्यूमरेशन फेज का काम हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी मतदाता का नाम एक से अधिक विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य के अधिकांश पात्र मतदाता अपने फॉर्म जमा कर चुके हैं लेकिन हस्ताक्षर या अन्य तकनीकी कारणों से कुछ आवेदन अभी लंबित हैं। ऐसे मतदाताओं से जल्द फॉर्म जमा करने की अपील की गई है।