द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के लिए यह गर्व की बात है कि ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी नंदनी कुमारी का चयन 44वीं जूनियर राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता 2025–26 के लिए झारखंड राज्य टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 31 दिसंबर 2025 से 4 जनवरी 2026 तक बेंगलुरु (कर्नाटक) में आयोजित की जाएगी। नंदनी कुमारी, पिता कामेश्वर सिंह, बड़ी कोदरजन्ना (साहिबगंज) की निवासी हैं। वे एक ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती हैं, लेकिन कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने खेल के प्रति समर्पण, निरंतर अभ्यास और जुनून के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।
इस उपलब्धि पर जिला खो-खो संघ साहिबगंज के संरक्षक बजरंगी यादव, अध्यक्ष डॉ. रणजीत कुमार सिंह, सचिव जय प्रकाश सिन्हा, जिला खेल प्रशिक्षक आदित्य कुमार एवं बीरेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों ने नंदनी को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खो-खो प्रशिक्षक मुकेश कुमार, शिवनंदन कुमार और सुमित कुमार ने कहा कि नंदनी कुमारी ने यह साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण और गरीब पृष्ठभूमि से होने के बावजूद उनके खेल के जुनून ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया है।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी हरश कुमार ने भी नंदनी कुमारी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल साहिबगंज जिले बल्कि पूरे झारखंड राज्य के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नंदनी कुमारी के चयन से जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनका यह सफर आने वाले समय में जिले के अन्य ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
