logo

Ranchi : पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करेगा 10 लाख का इनामी नक्सली सुरेश मुंडा, बड़ी कामयाबी

sureshmunda.jpg

रांची: 

झारखंड पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ लगातार कामयाबी मिल रही है। ताजा जानकारी के मुताबिक 1 करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा दस्ते का प्रमुख सदस्य सुरेश मुंडा सहित 2 नक्सली सोमवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले हैं। गौरतलब है कि सुरेश मुंडा पर 10 लाख रुपये का इनाम है। लोदरो लोहरा भी आत्मसमर्पण करने वाला है। 

वरीय पुलिस अधिकारियों को समक्ष आत्मसमर्पण
मिली जानकारी के मुताबिक नक्सली सुरेश मुंडा और लोदरो लोहरा रांची जोनल आईजी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में रांची आईजी (अभियान) और जोनल आईजी के समक्ष आत्मसमर्पऩ करने वाला है। गौरतलब है कि सुरेश मुंडा रांची के बुंडू थानाक्षेत्र अंतर्गत बाराहातू का रहने वाला है। सुरेश मुंडा के खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। लोदरो लोहरा के खिलाफ 20 मामले दर्ज हैं। 

दोनों नक्सलियों से पूछताछ में जुटी है पुलिस
गौरतलब है कि पुलिस दोनों नक्सलियों को किसी गुप्त स्थान पर रखकर फिलहाल पूछताछ कर रही है। कहा जा रहा है कि पुलिस सुरेश मुंडा और लोदरो लोहरा के जरिये 1 करोड़ के इनामी नक्सली अनल दा तक पहुंचने की तैयारी में है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुरेश मुंडा ने अपनी बेटी से बातचीत के बाद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। कहा जा रहा है कि बेटी ने जंगल में मुलाकात कर उसे मुख्य धारा में लौटने के लिए प्रेरित किया था। 

सुरेश मुंडा के जरिये मिल सकती है अहम जानकारी
बता दें कि बीते 4 जनवरी को मनोहरपुर के पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला हुआ था। कहा जाता है कि इस हमले में सुरेश मुंडा भी शामिल था। इस हमले में नक्सलियों ने विधायक के 2 सुरक्षाकर्मियों की गला रेत कर हत्या कर दी थी। पूर्व विधायक ग्रामीणों की सहायता से किसी तरह अपनी जान बचा पाने में कामयाब रहे थे। चक्रधरपुर में कोबरा बटालियन पर हमला करने में भी सुरेश मुंडा का नाम सामने आया था। कहा जा रहा है कि पुलिस को सुरेश और लोदरो से कई अहम जानकारी मिली है।