logo

जमशेदपुर में NCST ने की UCIL की समीक्षा, डॉ. आशा लकड़ा ने लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

जमशेदपुर में NCST ने की UCIL की समीक्षा, डॉ. आशा लकड़ा ने लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

जमशेदपुर 

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में गुरुवार को जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में UCIL के CMD डॉ. के. आनंद राव, निदेशक बी.के. दास सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न विषयों, UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इससे पूर्व आयोग के आठ सदस्यीय दल ने डॉ. आशा लकड़ा के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के ग्राम मेचुआ, इचरा सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। आयोग के दल ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी प्राप्त की।

जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान हो 

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों को रोजगार एवं उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं को आयोग के समक्ष रखा। आयोग ने इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। समीक्षा बैठक में UCIL में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से संबंधित रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश

डॉ. आशा लकड़ा ने UCIL के CMD एवं वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजातीय समुदाय एवं कर्मचारियों से संबंधित सभी लंबित विषयों पर आवश्यक सुधारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा आयोग के निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में लिए गए निर्णयों एवं आयोग के निर्देशों के अनुपालन से संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने के निर्देश भी UCIL के अधिकारियों को दिए गए। बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन. सुकोले, सहायक निदेशक पी.के. दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे।

Tags - National Commission for Scheduled Tribes Uranium Corporation of India Limited Dr. Asha Lakra Tribal Welfare