द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत के परिजनों से मिलने उनके पैतृक गांव गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और निशा भगत को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रही उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग गंभीर है। झारखंड में हाल के दिनों में सामने आई घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निशा भगत के मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा कर देने मात्र से राज्य सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। सरकार और प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किन परिस्थितियों में हो रही हैं और इन्हें रोकने के लिए व्यवस्था में क्या बदलाव जरूरी हैं, इस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

डीजीपी से पहले ही की थी बात, रांची के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से करेंगी बैठक
विजया रहाटकर ने बताया कि निशा भगत की घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने झारखंड के डीजीपी से संपर्क किया था। इस दौरान पूरे मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह रांची में पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसमें यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि महिलाओं के साथ उत्पीड़न की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से किस तरह की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि केवल घटना के बाद कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूत बनाना होगा। सिस्टम में कहां कमियां हैं और किसी महिला की ओर से शिकायत या आवाज उठाए जाने पर पुलिस एवं प्रशासन की क्या जिम्मेदारी होनी चाहिए, इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों पर भी आयोग गंभीर
मीडिया से बातचीत के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियों को भी गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को लेकर जिस तरह की अशोभनीय बातें कही जाती हैं, वह स्वीकार्य नहीं है। आयोग इन मामलों को भी गंभीरता से देख रहा है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की दिशा में पहल की जाएगी। राज्य सरकार की ओर से निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें भी इसकी जानकारी मिली है कि बीती रात राज्य सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि इससे राज्य सरकार की जिम्मेदारी खत्म नहीं हो जाती। सरकार को यह भी आत्ममंथन करना होगा कि आखिर ऐसी परिस्थितियां क्यों पैदा हो रही हैं, जिनमें किसी महिला को इतना बड़ा कदम उठाने की नौबत आती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। आने वाले दिनों में महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने और प्रशासनिक व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। आयोग इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।