logo

अब लाश खोलेगी राज, कब्र से युवती का निकाला शव; प्रेम प्रसंग में पिटाई से मौत की आशंका

पलामू_से.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पलामू जिले के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के होटवार गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने बुधवार की देर शाम कब्रिस्तान से 18 वर्षीय असगरी खातून का शव बरामद किया। मजिस्ट्रेट सह पांकी सीओ ललित कुमार की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, असगरी खातून पांकी में रहकर पढ़ाई करती थी। दो दिन पहले उसके परिजनों ने बीमारी से मौत होने का दावा करते हुए शव को दफना दिया था। लेकिन गुप्त सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्र से बाहर निकाल लिया और जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, घटना के दिन असगरी अपने प्रेमी से मोबाइल पर बात कर रही थी। उसी दौरान परिजनों ने उसे देख लिया और गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़ी, जिसके बाद घर बुलाए गए झोलाछाप डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि असगरी का मोबाइल फोन चालू था और पूरी घटना का ऑडियो रिकॉर्ड उसके प्रेमी के पास मौजूद है। प्रेमी ने दो दिन बाद पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए निकलवाया गया।
पिपराटांड़ थाना पुलिस ने मृतका के घर के कई सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा रहा है।

Tags - Jharkhand news Jharkhand khabar jharkhand udapte Jharkhand crime news palamu news palamu khabar palamu update