logo

पलामू : अश्लील प्रिंसिपल गिरफ्तार, छात्राओं को कहता था दुपट्टा हटाकर बैठो

पांडू.jpg

पलामूः 
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोवर पांडू के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाया है। छात्राओं ने कहा है कि प्रधानाध्यापक जब पढ़ाने आते हैं तो सीने से दुपट्टा हटाकर क्लास में बैठने को कहते हैं। ऐसा नहीं करने पर डंडे से मारते हैं। वह गंदे इशारे किया करते थे। मंगलवार को डीएसई मनोज कुमार व सदर मेदिनीनगर एसडीएम राजेश कुमार साह ने विद्यालय पहुंचकर पूछताछ की । इस दौरान चार छात्राओं ने बताया कि प्रधानाध्यापक स्केल से दुपट्टा हटाने का इशारा करते थे। डीएसई मनोज कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक के खिलाफ लगाए गए आरोप सत्य पाए गए हैं। कई और बिंदु पर जांच की जा रही है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।


आरोप सही पाए गये हैं
प्रधानाध्यापक विश्वनाथ राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें पांडू थाना में रखा गया है, जिसके बाद बुधवार को जेल भेजा जाएगा। शिक्षक की गिरफ्तारी मंगलवार को एसडीएम राजेश साह और डीएसई मनोज कुमार की जांच के बाद की गई है। लेकिन बाकी छात्र-छात्राओं ने प्रधानाध्यापक का बचाव किया। जांच के बाद बीईईओ महेंद्र प्रजापति ने पांडू थाने में प्रधानाध्यापक के खिलाफ लिखित शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने आरोप‍ित प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया। सदर एसडीएम राजेश कुमार साह ने कहा कि जांच में प्रधानाध्यापक के खिलाफ जिन छात्राओं के द्वारा आरोप लगे थे वह पूछताछ में सही पाए गए हैं। 


राजनीति से प्रेरित है आरोप 
प्रधानाध्यापक पर लगे आरोप की बात सामने आने पर उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने जांच का निर्देश दिया था। इधर प्रमुख प्रतिनिधि प्रदुम्न सिंह ने कहा कि प्रधानाध्यापक पर लगे आरोप ग्रामीण राजनीति‍ से प्रेरित है। छात्राओं को बहला - फुसलाकर कर ऐसा बयान देने को कहा गया है। वहीं, जिला परिषद प्रतिनिधि गोविंद सिंह ने लोगों से कहा कि छोटे-मोटे मामले को तूल न दें।