logo

बर्थडे स्पेशल : पिता ने कहा था! महिया...ई सब कपार पर मत चढ़ने देना, धोनी ने आज तक जमीन नहीं छोड़ा

a209.jpg

डेस्क: 

जमीन से जुड़ा आदमी जमीन पर बैठने से नहीं हिचकिचाता। माटी से प्यार करने वाले आदमी को सड़क की धूल लग जाने की चिंता नहीं होती। ये बात टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कई बार साबित किया है। इस तस्वीर को गौर से देखिये। एकबारगी आप यकीन नहीं कर पाएंगे कि तस्वीर में टीशर्ट, ट्राउजर और हवाई चप्पल पहने गांव की धूल भरी सड़क पर बैठे इस आदमी के पास हजारों करोड़ की संपत्ति है।

करोड़ों की कीमत वाली दर्जनों कार और बाइक्स हैं। आप शायद ही यकीन कर पाएंगे कि एक छोटी सी बच्ची के साथ खेत की पगडंडी में बेहद ही साधारण तरीके से बैठा ये आदमी क्रिकेट जगत का सबसे असाधारण और सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी है।

ये तस्वीर राजधानी रांची से 80 किमी दूर जंगल के बीच बसे एक सुदूरवर्ती गांव में खिंची गई है। झारखंड के सबसे बड़े टैक्स पेयर धोनी इन दिनों इस गांव में अपना इलाज करवाने जाते हैं। ये खबर अब आम हो चुकी है, लेकिन ये आदमी बहुत खास है। 

गांव की बच्चियों संग खिंचवाई फोटो
शहर की भीड़ से कोसों दूर गांव की शांति के बीच रांची के राजकुमार की ये दूसरी तस्वीर देखिये। नीली टीशर्ट और आर्मी ट्राउजर के साथ नीला चप्पल पहने धोनी चिर-परिचित अंदाज में मुस्कुरा रहे हैं। उनके साथ 2 लड़कियां खड़ी हैं। दरअसल, सड़क पर जो गाड़ी खड़ी है धोनी उसमें ड्राइवर की बगल वाली सीट में बैठे थी। वहीं पास से गांव की ये लड़कियां गुजर रही थीं। धोनी दिखे तो इन लड़कियों ने रोका और तस्वीर खिंचवाने की इच्छा जताई। धोनी ने तुरंत हामी भर दी। गाड़ी से नीचे उतरे।

ना कोई तामझाम। ना कोई एटीट्यूड। ना किसी भी प्रकार का घमंड। चेहरे में मुस्कान लिए लड़कियों के साथ खड़े हुए। तीनों मुस्कुराये और फोटो खींच ली गई। जब इस दुनिया में थोड़ी सी कामयाबी लोगों के सिर चढ़ जाती है, कौन कह पायेगा कि इस तस्वीर में जो शख्स खड़ा है उसने जिंदगी में वो सब हासिल कर लिया है जिनका करोड़ों लोग ख्वाब भी देखने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।

धोनी की सादगी देख कौन कह पायेगा कि इस तस्वीर में आईसीसी की तीनों ट्रॉफियां जीतने वाला विश्व विजेता कप्तान खड़ा है। कहना गलत नहीं होगा कि धोनी ने अपनी अब तक जिंदगी में केवल ट्रॉफियां और पैसा ही नहीं कमाया है, बल्कि लोगों का प्यार भी कमाया है। ये उनकी मुस्कुराहट में दिखता है। 

खुद कैमरा लेकर प्यारी सी सेल्फी खींची
अब आपको तीसरी तस्वीर दिखाते हैं। साथ खड़े होकर फोटो खिंचवा लेने के बाद लड़कियों ने सेल्फी की इच्छा जताई। धोनी भला क्यों मना करते। उन्होंने कैमरा खुद थाम लिया। मुस्कुराये और अपनी इन प्यारी सी फैंस के लिए बहुत ही प्यारी सी सेल्फी खींची। धोनी की इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर खूब प्यार मिल रहा है। लाखों लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

धोनी की सादगी की सराहना कर रहे हैं। प्यार भरे संदेश लिख रहे हैं। धोनी अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने ही जन्मदिन पर फैंस के लिए ये तस्वीरें दरअसल, धोनी द्वारा दिया गया प्यारा सा तोहफा है। धोनी कप्तान बने। बतौर कप्तान अनगिनत कामयाबी हासिल की। 

महान धोनी के अंदर प्यारा महिया रहता है
उनपर पैसा भी खूब बरसा। दुनिया में ऐसा क्या है जो धोनी के पास नहीं है। इतना सब मिलने के बाद भी धोनी ने अपनी सादगी नहीं छोड़ी। गांव की माटी का प्यार नहीं भूले। उनकी ये तस्वीरें देखकर धोनी की बायोपिक एम एस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी का वो सीन याद आता है।

उसमें पाकिस्तान दौरे में मैन ऑफ द सीरीज जीतने के बाद पिता धोनी से कहते हैं कि अच्छा कर रहे हो। खूब आगे बढ़ो। और सुनो। ई सब कपार पर मत चढ़ने देना। लगता है।

महिया पिता का वो बात नहीं भूला। जिस कैप्टन कूल को खेलप्रेमी अपने कपार पर चढ़ाये रहते हैं, उसने कामयाबी को सच में अपने कपार पर चढ़ने नहीं दिया। धोनी में आज भी रांची के किसी गली में क्रिकेट खेलता प्यारा सा महिया रहता है।