logo

गुमला : सिसई में आयोजित अंचल दिवस 3.0 शिविर में 82 में से 70 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन

nmboinrh.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में भूमि विवाद एवं अंचल से संबंधित विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘अंचल दिवस 3.0’ का तृतीय चरण शुक्रवार को सिसई अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित स्वयं उपस्थित रहीं और उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अंचल स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद सहित सभी अंचल संबंधी मामलों का निष्पादन पारदर्शिता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 82 आवेदनों में से 70 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि 12 मामलों में आवश्यक जांच के आदेश दिए गए। इस प्रकार लगभग 85 प्रतिशत मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
अंचल दिवस के दौरान विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। इनमें भूमि विवाद के 8 मामले आए, जिनमें से 6 का निष्पादन किया गया तथा 2 मामलों को जांच के लिए भेजा गया। दाखिल-खारिज के 24 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। पंजी-2 सुधार के 11 मामलों में से 1 का निष्पादन किया गया, जबकि 10 मामलों में जांच के आदेश दिए गए। इसके अतिरिक्त जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित 19 मामलों, पारिवारिक सदस्यता के 10 मामलों तथा भू-धारण और जनशिकायत निवारण से संबंधित 10 मामलों का भी शिविर में ही समाधान किया गया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों के संदर्भ में उपायुक्त ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि ट्राइबल भूमि से जुड़े मामलों के समाधान के लिए प्रशासन गंभीर है और ऐसे मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर अंचल दिवस में अवश्य आएं, ताकि अधिक से अधिक मामलों का समाधान अंचल स्तर पर ही हो सके। इस अवसर पर अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR) राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) सदर राजीव नीरज, सिसई प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि अंचल दिवस 3.0 के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न अंचलों में समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे और यथासंभव ऑन-द-स्पॉट समाधान सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, मापी, सीमांकन और अन्य राजस्व से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए निर्धारित तिथि पर आयोजित अंचल दिवस में भाग लें। अंचल दिवस 3.0 के अंतर्गत अगले चरण का आयोजन 20 मार्च 2026 को भरनो अंचल कार्यालय परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर भी जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर आम लोगों की समस्याओं की सुनवाई करेंगे और यथासंभव मामलों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।

 

Tags - Gumla Anchal Diwas 3.0 Sisai Anchal Office Camp Gumla District Administration Camp DC Prerna Dixit Gumla Land Dispute Resolution Camp Gumla Gumla Revenue Camp Sisai Block Land Dispute Camp Gumla District Public Grievance Camp