रांची:
झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दी है। मौसम विभाग ने झारखंड के 20 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ अधिकतम 50 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से हवा चलेगी। पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी बारिश का येलो अलर्ट है। इन जिलों में मेघ गर्जन के साथ मूसलाधार बारिश होगी और तेज हवा चलेगी। झारखंड में 14 से 20 जून तक बादल छाए रहेंगे। रूक-रूककर बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मानसून की उत्तरी सीमा वर्तमान में धनबाद, मुजफ्फरपुर और पुरुलिया से होकर गुजर रही है।

झारखंड के बाकी हिस्सों में जल्द पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग का ऐसा मानना है कि अगले 4-5 दिनों में मानसून के झारखंड के शेष हिस्सों में भी आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पश्चिम राजस्थान से गंगीय पश्चिम बंगाल तक एक ट्रफ रेखा दक्षिण उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होकर गुजर रही है। जिसके प्रभाव से राज्य में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि रांची और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों में मौसम सुहाना बने रहने की संभावना है।

पलामू के डालटनगंज में दर्ज हुआ सर्वाधिक पारा
मौसम विभाग ने बताया कि अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पिछले 24 घंटे के दौरान रांची का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कांके स्थित बिरसा एग्रीकल्चर क्षेत्र में 42.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। झारखंड में सर्वाधिक 45.5 मिमी बारिश कोडरमा के तिलैया डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई है। इसके अलावा चंदवा में 45.2, हजारीबाग में 38.5, चाकुलिया में 38.4, मांडू में 38.2 मिमी, जमशेदपुर एयरो में 8.8 मिमी और चाईबासा में 8.1 मिमी बारिश हुई है।
सर्वाधिक तापमान पलामू के डालटनगंज में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशदेपुर और चाईबासा का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा।