द फॉलोअप डेस्क
आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की प्रगति, भविष्य की योजनाओं और विभिन्न जिलों की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
आजसू पार्टी प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "झामुमो-कांग्रेस गठबंधन जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। जनता को आजसू से उम्मीद है। पंचायत और ग्राम स्तर पर संगठन की मजबूती के लिए सभी नेता कार्यकर्ता जुट जाएं। आज झारखंड में नवीन राजनीतिक चेतना को जागृत करने की आवश्यकता है। झारखंड का आम जनमानस झारखंडी अस्मिता की तलाश कर रहा है। लेकिन झारखंडी सोच का दावा करने वाले झामुमो ने सत्ता तो हासिल कर ली, लेकिन झारखंडी विचारों से भटक गया है और जनता के साथ छल कर रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "झामुमो–कांग्रेस सरकार नौकरशाही, नौकरी, नियोजन, विस्थापन, पुनर्वास, मुआवजा सभी पहलुओं पर विफल हो चुकी है। झारखंड निर्माण का मूल उद्देश्य पूर्ण नहीं होने से झारखंडी जनमानस में एक आक्रोश है। आजसू मुख्य विपक्ष के तौर पर जनमुद्दों पर निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार है। यहां के पलायन और नियोजन के सवाल को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। सरकार कोई नियुक्ति समय से पूर्ण नहीं करा पा रही है।"
बैठक को मांडू विधायक तिवारी महतो, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष द्वय प्रवीण प्रभाकर, मो. हसन अंसारी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष नजरुल हसन हाशमी, महासचिव सह प्रवक्ता संजय मेहता, महासचिव दीपक महतो आदि ने संबोधित किया। पूर्व आईएएस बृज मोहन प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
.jpeg)