logo

कांग्रेस के नाराज़ 12 विधायकों में से ये 4 विधायक क्यों नहीं गए दिल्ली, पढ़िए रिपोर्ट

mla17.jpeg

सन्नी शारद

झारखंड कांग्रेस के नाराज 8 विधायक आज दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली जाने वालों में अनूप सिंह, दीपिका पांडे, इरफान अंसारी, अंबा प्रसाद, भूषण बाड़ा, राजेश कच्छप, नमन विक्सल कोंगाडी, सोनाराम सिंकू और उमाशंकर अकेला के नाम हैं। ये सभी विधायक दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। लेकिन सभी के मन में अब सवाल यह है कि कल तक नाराज 12 विधायक थे, तो आखिर 8 ही विधायक दिल्ली क्यों गए? इस खबर में हम आपको बताएंगे की दिल्ली नहीं जाने वाले चार विधायक कौन हैं और किस कारण से वह आज दिल्ली नहीं जा पाए।
नमन विक्सल कोंगाडी

1.    कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाडी आज दिल्ली नहीं गए। जबकि कल देर रात तक प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के आवास पर हुई बैठक में वे नाराज विधायकों के साथ शामिल थे। दिल्ली नहीं जाने से ऐसा बिल्कुल नहीं है कि नमन विक्सल कोंगाडी अब नाराज नहीं हैं। विक्सल कोंगाडी ने फॉलोअप से बात करते हुए बताया कि उनकी तबीयत बहुत खराब है। यही वजह है कि वह दिल्ली नहीं जा पाए।
शिल्पी नेहा तिर्की

2.    मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की भी आज दिल्ली नहीं गई। जानकारी के अनुसार मांडर इलाके में ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। अपने क्षेत्र के किसानों की समस्या को देखने के लिए वह लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। यही वजह है कि वह दिल्ली नहीं जा सकीं। जानकारी के अनुसार वह कल भी दिल्ली नहीं जाएंगी।


पूर्णिमा नीरज सिंह

3.    झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह भी आज दिल्ली नहीं गईं। जानकारी के अनुसार विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह की मां की तबीयत ठीक नहीं है। वह उनके इलाज करवाने में व्यस्त हैं। यही वजह है कि कल वह मंत्रिमंडल विस्तार के कार्यक्रम में भी शामिल नहीं हो पाई थी और आज भी वह रांची में मौजूद नहीं थी लेकिन जो जानकारी है उसके अनुसार नाराज विधायकों के साथ वह हैं। हो सकता है कि कल वह दिल्ली दुर्गापुर होकर जा सकती हैं।
रामचंद्र सिंह

4. मनिका विधायक रामचंद्र सिंह भी आज दिल्ली नहीं गए हैं। जानकारी के अनुसार रामचंद्र सिंह के क्षेत्र में कोई घटना घट गई है। यही वजह है की अंतिम समय में वह दिल्ली नहीं जा पाए। फॉलोअप से बात करते हुए मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि वह कल दिल्ली जाएंगे। उन्होंने कहा कि आला कमान के सामने अपनी सारी मांग विधायकों के साथ वह भी रखेंगे। 

बता दें कि ये सभी विधायक मंत्रिमंडल में फेरबदल चाहते हैं। कांग्रेस विधायकों की मांग है कि मंत्रिमंडल में पुराने चेहरों को रीपिट नहीं किया जाये।