नंदलाल तुरी
पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को पाकुड़ प्रखंड के बहिरग्राम और झिकरहटी पंचायतों में मौंथा चक्रवात से प्रभावित धान फसलों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में जलजमाव, फसलों की क्षति और किसानों की समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों के साथ है और उन्हें हर संभव राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल क्षति का आकलन पारदर्शी और त्वरित तरीके से किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कृषक मित्र अपने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जियो-टैग फोटो रिपोर्ट तैयार करें, ताकि नुकसान का सटीक मूल्यांकन हो सके। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और किसी भी पात्र किसान को राहत या मुआवजे से वंचित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कृषि पदाधिकारियों को बीमा कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर फसल क्षति का त्वरित और सटीक मूल्यांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
